शराब तस्करों ने पुलिस पर चढ़ाया ट्रक, खातेगांव TI दिलीप पुरी शहीद; 1 करोड़ का मुआवजा और पत्नी को SI पद पर अनुकंपा नियुक्ति
Super Admin
Admin
देवास/खातेगांव: मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक दिल दहला देने वाली और बेहद दुखद खबर सामने आई है। रविवार-सोमवार (2 नवंबर) की दरमियानी रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर अवैध शराब की तस्करी रोक रहे खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप कुमार पुरी को तस्करों ने ट्रक से कुचल दिया। अस्पताल में दो घंटे तक चले इलाज और सीपीआर (CPR) के बाद भी डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।
इनपुट मिलते ही कार्रवाई करने पहुंचे थे टीआई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टीआई दिलीप पुरी को रात करीब 1:30 बजे मुखबिर से हाईवे पर अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इंदौर-बैतूल हाईवे डिवाइडर के पास एक संदिग्ध आयशर ट्रक (नंबर MP 43 H 4786) खड़ा दिखाई दिया। टीआई पुरी ने जब चालक को नीचे उतरने के लिए कहा, तो पकड़े जाने के डर से तस्कर ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया टीआई दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया।
ट्रक से मिला सीक्रेट चैंबर, भारी मात्रा में शराब जब्त
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदलपुर के पास से जब्त कर लिया है। जांच के दौरान ट्रक के अंदर एक गुप्त केबिन (सीक्रेट चैंबर) मिला, जिसमें छिपाकर रखी गई करीब 200 से अधिक पेटी (1800 लीटर) अवैध शराब बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर और ट्रक मालिक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच के लिए SIT (विशेष जांच टीम) का गठन किया गया है।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ नम आंखों से विदाई
शहीद टीआई दिलीप कुमार पुरी को खातेगांव थाना परिसर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर और श्रद्धांजलि दी गई। एसपी आदित्य मिश्रा, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, पुलिस स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित की। शहीद के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम (धार जिले के बरमंडल) रवाना किया गया है, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सरकार ने की बड़ी घोषणाएं
इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्य प्रशासन ने शहीद के परिवार को ₹1 करोड़ की विशेष वित्तीय सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही, शहीद टीआई दिलीप पुरी की पत्नी को पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी।

