शबिस्ता जकी के बयान पर भड़के भाजपा पार्षद, हंगामे के बाद भोपाल नगर निगम की बैठक स्थगित।
Super Admin
Admin
भोपाल 24/10/2026 : नगर निगम परिषद की बैठक में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी के बयान पर भाजपा पार्षदों ने आपत्ति जताई और माफी की मांग की। जकी ने कहा कि उन्होंने किसी पर आरोप नहीं लगाया और माफी मांगने से इनकार कर दिया। हंगामे के कारण कार्यवाही 15 मिनट स्थगित रही।
भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक में शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी के ‘मैं कमीशन नहीं लेती’ बयान पर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा पार्षदों ने बयान पर आपत्ति जताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की। वहीं, कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि जकी ने किसी पर आरोप नहीं लगाया, बल्कि अपने बारे में बात कही थी।
विवाद बढ़ने पर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने उनके शब्दों को कार्यवाही से विलोपित करने और उन्हें वापस लेने की हिदायत दी। जकी ने माफी मांगने से इनकार कर दिया। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
आईएसबीटी स्थित मीटिंग हॉल में हुई बैठक की शुरुआत में निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने सरकार द्वारा नियुक्त 12 एल्डरमैन और नए निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार का परिचय कराया। इसके बाद प्रश्नकाल और एजेंडे के प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान कई मुद्दों पर पक्ष-विपक्ष के पार्षद आमने-सामने आ गए।
‘मैं कमीशन नहीं लेती’ बयान पर भाजपा पार्षदों की आपत्ति
बैठक में न्यू मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग के चौथे फ्लोर स्थित हॉल को किराए पर देने के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विवाद शुरू हुआ। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने कहा, ‘मैं कमीशन नहीं लेती।’ इस पर भाजपा पार्षदों ने आपत्ति जताई और अध्यक्ष की आसंदी घेर ली।
निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि बिना तथ्यों और सबूतों के इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने जकी के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए कार्यवाही से विलोपित करने और शब्द वापस लेने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति होने पर कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
जकी बोलीं- मैंने किसी पर आरोप नहीं लगाया
कांग्रेस पार्षदों ने भाजपा पर बात का बतंगड़ बनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जकी ने यह बात अपने लिए कही थी, किसी दूसरे पर आरोप नहीं लगाया था।
शबिस्ता जकी ने भी कहा कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया और उनके बयान की पुष्टि के लिए बैठक की वीडियोग्राफी देखी जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने शब्दों के लिए माफी नहीं मांगेंगी। दूसरी ओर, भाजपा पार्षदों ने उनके बयान को अनुचित बताते हुए माफी की मांग जारी रखी।
एमआईसी सदस्य रविंद्र यती सहित भाजपा पार्षदों ने कहा कि सदन में इस तरह के बयान से गलत संदेश जाता है। हंगामे के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने भी अध्यक्ष की आसंदी के पास पहुंचकर विरोध जताया। इसके बाद सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।


.png&w=3840&q=75)
