MP विधानसभा डिजिटल हुई, अब विधायकों को प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन मिलेंगे , शीतकालीन सत्र होगा पेपरलेस।
Super Admin
Admin
"मध्यप्रदेश विधानसभा में सवाल जवाब से लेकर विधेयक तक सब होंगे डिजिटल"
भोपाल 29/10/2026 : पहले जब सदस्य को प्रश्न लिखकर जमा करने होते थे, तब विधानसभा के एक सत्र में औसत 700 प्रश्न आया करते थे। ऑनलाइन व्यवस्था होने के बाद एक सत्र में प्रश्नों की संख्या 4 हजार तक पहुंच गई है। ये मात्र प्रश्न नहीं बल्कि सदस्यों के क्षेत्र की आवाज है। विधानसभा के आगामी सत्र से पेपरलेस व्यवस्था लागू होगी।
सदस्यों को प्रश्नों के उत्तर भी ऑनलाइन मिलेंगे। सदन में किसी विषय विशेष की चर्चा के लिए संदर्भ भी ऑनलाइन ही मिल जाएगा। यह बात विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के अंतर्गत विधायकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कही।
तकनीक का सही उपयोग- तोमर
विधानसभा में तोमर ने कहा कि अगर हमें आगे बढ़ाना है, तो युग के साथ प्रतिस्पर्धा करनी होगी। जब भी कोई नई तकनीक आती है तो एक पक्ष उसका विरोध करता है और एक पक्ष उसे अस्त्र बनाकर प्रतिस्पर्धा में अन्य लोगों के साथ विजय प्राप्त करता है। तकनीक का उपयोग करके समय बचाया जा सकता है। डिजीटल इंडिया का ही परिणाम है कि एक बटन दबाकर पैसा सीधा हितग्राही के खाते में पहुंचा दिया जाता है।
विधानसभा के पेपरलेस होने की प्रक्रिया को लेकर अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि जब डिजीटल भारत की बात चल रही थी तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लगता था कि लोकसभा, राज्यसभा व देश की सभी विधानसभाएं एक स्थान पर उपलब्ध होनी चाहिए। इसी मंशा के अनुरूप नेवा योजना बनाई गई।

