हरदा में 7 एकड़ जमीन के विवाद ने ली जान: काम से लौट रहे युवक पर सरेराह हमला, पिता-पुत्र पर हत्या का केस दर्ज
Super Admin
Admin
हरदा (मध्य प्रदेश):
मध्य प्रदेश के हरदा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोदड़ी में मंगलवार दोपहर पैतृक जमीन के पुराने विवाद के चलते दो लोगों ने मिलकर 40 वर्षीय राकेश यदुवंशी की हत्या कर दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर आसपास ग्रामीणों की मौजूदगी के बावजूद कोई भी बचाव के लिए आगे आता नहीं दिख रहा है।
काम खत्म कर घर लौट रहे थे राकेश
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोदड़ी निवासी राकेश यदुवंशी पेशे से राजमिस्त्री थे। मंगलवार दोपहर जब वे अपना काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी गांव के ही लाल सिंह और उसके बेटे जितेंद्र ने बीच सड़क पर उनका रास्ता रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने धारदार हथियार (दरांती) से राकेश के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राकेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बहन के हक की लड़ाई बनी विवाद की जड़
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे करीब 7 एकड़ पैतृक जमीन का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि राकेश की छोटी बहन प्रमिला ने करीब 8 साल पहले आरोपी लाल सिंह के छोटे भाई जगन से विवाह किया था। डेढ़ साल पहले जगन की मृत्यु के बाद ससुराल पक्ष ने प्रमिला और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया था और जमीन में हिस्सा देने से इनकार कर दिया था। राकेश अपनी बहन को उसका हक दिलाने के लिए पैरवी कर रहे थे, जिसे लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी।
वारदात के बाद सोशल मीडिया पोस्ट की भी चर्चा
घटना के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पक्ष की ओर से सोशल मीडिया पर 'बदला पूरा हुआ' लिखकर एक पोस्ट भी साझा किया गया। पुलिस इस डिजिटल साक्ष्य की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। हरदा के एडिशनल एसपी (ASP) अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी पिता लाल सिंह और बेटे जितेंद्र के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी लाल सिंह को हिरासत में ले लिया है, जबकि झड़प के दौरान सिर में चोट लगने के कारण दूसरा आरोपी जितेंद्र जिला अस्पताल में पुलिस निगरानी में भर्ती है।
• टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम गोदड़ी की घटना, मृतक की पहचान 40 वर्षीय राकेश यदुवंशी के रूप में हुई।
• बहन को पैतृक जमीन में हिस्सा दिलाने की लड़ाई लड़ रहे थे राकेश, इसी बात को लेकर चल रही थी रंजिश।
• वारदात के वक्त सड़क पर मौजूद थे कई ग्रामीण, लेकिन किसी ने नहीं किया बीच-बचाव; पुलिस ने मुख्य आरोपी को लिया हिरासत में।

