ARK News Reporting 24x7 Logo
IST•24x7
मध्य प्रदेश

सिंधी समाज उत्थान पंचायत विजयनगर द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि, कैंडल मार्च निकालकर पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन

Super Admin

Admin

22 Oct 2026, 12:33 PM IST0 reads
Share
सिंधी समाज उत्थान पंचायत विजयनगर द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि, कैंडल मार्च निकालकर पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन

भोपाल।। सिंधी समाज उत्थान पंचायत, विजय नगर, लालघाटी, भोपाल द्वारा पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में हुई निर्दोष नागरिकों की सामूहिक हत्या के विरोध में गहन श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों  विजयनगर, ओमनगर, सावननगर तथा वल्लभनगर से बड़ी संख्या में समाज की माताओं, बहनों और भाइयों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत गंगा सेवा धाम दरबार परिसर में हरि नाम संकीर्तन के साथ हुई, जहाँ उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक भजन-कीर्तन करते हुए देश के लिए बलिदान हुए शहीदों की आत्मा की शांति और सद्गति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में गमगीन वातावरण के बीच सभी ने मोमबत्तियाँ जलाकर दिवंगत आत्माओं को नमन किया।

सभा के पश्चात सभी नागरिकों ने हाथों में मोमबत्तियाँ लेकर एक संगठित कैंडल मार्च निकाला। मार्च के दौरान पाकिस्तान के विरुद्ध जोरदार "पाकिस्तान मुर्दाबाद" के नारे लगाते हुए जनता ने आक्रोश प्रकट किया और आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाई। मातृशक्ति ने भी अपनी वीरता का परिचय देते हुए कहा कि यदि देश सेवा का अवसर मिले तो वे भी पाकिस्तान से मुकाबला करने के लिए पूर्णतः तैयार हैं।

इस विरोध प्रदर्शन और श्रद्धांजलि सभा में पंचायत के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री रमेश भंबानी, श्री कैलाश शर्मा, श्री अशोक टिलवानी, श्री वासुदेव जेठानी और श्री ओ.पी. पाहुजा ने प्रमुख भूमिका निभाई। सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों की भागीदारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। पंचायत के सलाहकार श्री हीरानंद गनवानी ने आयोजन की समस्त जानकारी साझा करते हुए बताया कि सिंधी समाज का यह प्रदर्शन शहीदों के सम्मान और देशभक्ति की भावना को समर्पित था।

कैंडल मार्च के दौरान देशभक्ति गीतों ने वातावरण को भावुक कर दिया। हर तरफ "भारत माता की जय" और "वीरों अमर रहो" के उद्घोष गूंजते रहे। आयोजन ने स्पष्ट संदेश दिया कि पूरा समाज आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और देश की रक्षा के लिए हर बलिदान को तैयार है।

AdvertisementArticle Page In-Body Mid Banner
Share