दिल्ली: जामा मस्जिद थाने में खूनी तांडव! काउंसलिंग के लिए बुलाए गए युवक ने 9 पुलिसकर्मियों को मारा चाकू, मुठभेड़ में लगीं 6 गोलियां
Super Admin
Admin
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के मध्य जिला स्थित जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाए गए एक युवक ने पुलिस टीम पर ही जानलेवा हमला कर दिया। दो अलग-अलग जगहों पर हुई चाकूबाजी की इस वारदात में कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को चांदनी महल इलाके में मुठभेड़ के बाद दबोच लिया, जिसमें उसके पैरों में 6 गोलियां लगी हैं।
मां-बहन की शिकायत पर बुलाया गया था थाने
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कलां महल निवासी 30 वर्षीय नबील के रूप में हुई है। नबील की मां और बहन ने उसके खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी पारिवारिक विवाद में काउंसलिंग और समझौते के लिए पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे नबील को जामा मस्जिद थाने बुलाया था।
रिसेप्शन पर ही निकाला चाकू, 5 पुलिसकर्मी लहूलुहान
थाने के रिसेप्शन एरिया में पहुंचते ही नबील ने ऊंची आवाज में पूछा कि उसे किसने बुलाया है। जैसे ही सब-इंस्पेक्टर (SI) अजय सामने आए, नबील ने जेब से धारदार चाकू निकाला और उन पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। एसआई को बचाने दौड़े अन्य पुलिसकर्मियों पर भी उसने हमला बोल दिया। इस हमले में एसआई अजय, एसआई अरविंद, एएसआई श्रीकृष्ण, हेड कांस्टेबल हरेंद्र और हेड कांस्टेबल बलजीत घायल हो गए।
राहगीर की स्कूटी लूटकर हुआ फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी थाने से बाहर भागा और सड़क पर जा रहे एक राहगीर को चाकू दिखाकर उसकी स्कूटी लूट ली और मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े थाने में हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गईं।
चांदनी महल में घेराबंदी और एनकाउंटर
करीब दो घंटे की तलाशी के बाद शाम साढ़े चार बजे स्पेशल स्टाफ और एएटीएस (AATS) की टीम ने आरोपी को चांदनी महल थाना क्षेत्र के हवेली आजम खां (चितली कब्र) इलाके में घेर लिया। खुद को घिरता देख नबील ने दोबारा पुलिस टीम पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए। पुलिसकर्मियों की जान को बढ़ता खतरा देख टीम ने आत्मरक्षा में कमर के नीचे 8 राउंड फायरिंग की। इनमें से 6 गोलियां नबील के पैरों में लगीं, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।
सभी की हालत खतरे से बाहर, 3 एफआईआर दर्ज
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि घायल सभी 9 पुलिसकर्मियों को सर गंगाराम और लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत स्थिर है। वहीं, ऑपरेशन के बाद आरोपी नबील भी खतरे से बाहर है। पुलिस ने साफ किया है कि आरोपी मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ है और इस घटना में किसी आतंकी एंगल की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने नबील के खिलाफ थाने में हमला, स्कूटी लूट और मुठभेड़ के दौरान हत्या के प्रयास की धाराओं में 3 अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

